छह से नौ अक्तूबर तक बारिश की संभावना नहीं

धर्मशाला । टीएनआर
हिमाचल प्रदेश में लम्बा खिंचा मानसून अब कमज़ोर पड़ गया है। मानसून के जल्द लौटने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में छह से नौ अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा।
मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू होने के लिए स्थितियां अनुकूल बन गई हैं।
विभाग के अनुसार नौ अक्तूबर तक हिमाचल से मानसून विदा होने का पूर्वानुमान है। वहीं, प्रदेश मेंरोहतांग, भरमौर सहित प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। सबसे कम तापमान कल्पा में 3.9 व सबसे अधिक तापमान ऊना में 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा।