शिमला से लेकर दिल्ली तक तार भिड़ा रहे दावेदार

फतेहपुर (कांगड़ा)। टीएनआर
फतेहपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में टिकट के लिए भाजपा और कांग्रेस में जोर आजमाइश चालू है। हालांकि कांग्रेस में दिवंगत विधायक सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी सिंह पठानिया और भाजपा में पिछले चुनाव में कम वोटों के अंतर से चुके कृपाल परमार उम्मीदवारी की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं, लेकिन इस बीच टिकट के अन्य दावेदार शिमला से लेकर दिल्ली तक आलाकमान के दरबार में तार भिड़ा रहे हैं।
फतेहपुर से कांग्रेस के ही नेता चेतन चंबियाल ने परिवारवाद के खिलाफ एक बार फिर आवाज बुलंद करते हुए आम कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग की है।
उधर, भाजपा नेत्री रीटा ठाकुर शिमला में आला नेताओं संग मिलजर टिकट पर दावा जता आई हैं। बलदेव ठाकुर व पंकज हैप्पी भी टिकट के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।
इस बीच, भवानी पठानिया व कृपाल परमार प्रचार में कूद चुके हैं।
कांग्रेस कल, भाजपा परसों तय करेगी पैनल
कांग्रेस 2 अक्टूबर को शिमला में होने वाली प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के नाम का पैनल तय करेगी, वहीं भाजपा धर्मशाला में 3 अक्टूबर को होने वाली बैठक में उपचुनाव प्रभारियों से मिली फीडबैक के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करेगी। दोनों दलों के उम्मीदवार 6 को श्राद्ध पक्ष समाप्त होने के बाद नवरात्र में 7 या 8 अक्टूबर को नामांकन भरेंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि पहले कौन पार्टी उम्मीदवारों का ऐलान करती है।
प्रभारियों से फीडबैक लेंगे
भाजपा 3 अक्टूबर को धर्मशाला में होने वाली बैठक में उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट कर आलाकमान को भेजेगी। इसके लिए उपचुनाव प्रभारियों से फीडबैक ली जाएगी। – सुरेश कश्यप, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
शनिवार को तय होंगे पैनल
कांग्रेस उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। शनिवार को शिमला में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में पैनल तय कर दिल्ली भेजे जाएंगे। – कुलदीप सिंह राठौर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष