सरकार को चेतावनी, मांग पूरी नहीं की तो उपचुनाव में करेंगे भाजपा का बहिष्कार

शिमला
देवभूमि क्षत्रिय संगठन ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर चौड़ा मैदान में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से विधानसभा के घेराव को आए सैकड़ों लोगों ने इस दौरान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और जयराम सरकार पर वादा खिलाफी करने का आरोप लगाया। दरअसल, देवभूमि क्षत्रीय संगठन स्वर्ण आयोग के गठन की मांग कर रहा है।
इसी मांग को लेकर 20 अप्रैल को प्रदेश सचिवालय के बाहर देवभूमि क्षत्रीय संगठन उग्र प्रदर्शन किया था। उस दौरान सरकार ने जल्द स्वर्ण आयोग का गठन करने का भरोसा दिया था लेकिन अब तक इस दिशा में सरकार अंतिम निर्णय नहीं ले पाई इससे नाराज होकर देवभूमि क्षत्रिय महासभा ने विधानसभा का घेराव किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वर्ग आयोग के गठन की मांग पूरी न होने पर उपचुनाव में भाजपा का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
स्वर्णों से सरकार कर रही सौतेला व्यवहार
रुमितदेवभूमि क्षत्रीय संगठन के अध्यक्ष रुमित ठाकुर ने कहा कि सरकार उनकी मांग को अनसुना कर रही है। उन्होंने सरकार के इस रवैया को स्वर्णों के साथ सौतेला व्यवहार बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्णों को भी आरक्षण मिलना चाहिए। इसके लिए पहले स्वर्ण आयोग गठित किया जाए। उन्होंने विपक्ष पर भी स्वर्णों की मांग को अनसुना करने का आरोप लगाते हुए चेताया है।
विधानसभा परिसर में घुसने से रोका
पुलिस के कड़े पहरे ने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर में घुसने से रोका। एक रोज पहले ही महासभा ने चौतरफा विधानसभा के घेराव की चेतावनी दी थी। इस पर पुलिस ने पहले ही कड़े सुरक्षा इंतजाम कर लिए और प्रदर्शनकारियों को चौड़ा मैदान में ही रोक लिया।