जिला ऊना की तहसील हरोली के गांव कुंगडत में हुआ हादसा

ऊना
सेना में कार्यरत सैनिक की अचानक गोली चलने से मौत हो गई। घटना के समय सैनिक बंदूक साफ कर रहा था। मृतक की पहचान गुलाब सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी कुंगडत तहसील हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक गुलाब सिंह एक माह पहले छुट्टी आया हुआ था। बुधवार को वह अपने घर में बंदूक साफ कर रहा था कि अचानक गोली चल गई जोकि सीधे उसके सिर में जा लगी। हादसे के बाद हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौका पर पहुंच कर इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। मृतक सैनिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अम्ब में घर में अचेत मिली बुजुर्ग महिला की मौत
जिला ऊना के उपमंडल अम्ब के गांव लड़ोली में एक वृद्ध महिला संदेहास्पद परिस्थितियों में घर में अचेत पड़ी मिली। उसे अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौका का निरीक्षण भी किया है। मृतका की पहचान वीना देवी पत्नी साधु राम के तौर पर हुई है।
महिला का पति पेशे से दर्जी है जोकि कभी-कभार ही घर आता था। महिला घर पर अकेली ही रहती थी। उसको घर में अचेत गिरी हुई पाया गया जिसके बाद उसको अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसको मृत करार दिया गया।