नालागढ़ में एचआरटीसी की बस खाई में गिरी, एक दर्जन लोग घायल

शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच शनिवार सुबह से जारी भारी बरसात से कई हिस्सों में काफी नुकसान हुआ है। शिमला-कालका नेशनल हाईवे पर धर्मपुर के पास कई जगह पहाड़ से पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है। किन्नौर जिला के निगुलसेरी में बीते दिनों जिस स्थान पर पहाड़ गिरा था वहां शनिवार सुबह से दोबारा पत्थर गिरना शुरू हो गए हैं।

जिला प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। कांगड़ा के शाहपुर में शुक्रवार देर रात 2 बजे परिवहन निगम की बस पर पेड़ गिरा है। सवारियां बाल-बाल बची हैं। जिला सोलन के कंडाघाट में धुंध के चलते करीब एक दर्जन वाहन टकरा गए हैं।
नालागढ़ क्षेत्र के पट्टा में एचआरटीसी की बस गहरी खाई में गिरी है, करीब एक दर्जन लोग घायल हैं। बस जोहड़ जी से नालागढ़ जा रही थी। बस में 40 लोग सवार थे।
धर्मपुर से परवाणू सोलन तक हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन से सफर खतरनाक हो गया है। राजधानी शिमला में कई जगह पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। जिला सिरमौर में कई रास्ते बंद हो गए हैं।
हमीरपुर में उफनती पुंग खड्ड में फंसा टिप्पर

हमीरपुर जिले में पुंग खड्ड उफान पर है। खड्ड के बीच तीन टिप्पर और एक जेसीबी फंस गई। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी बचाव कार्य में जुटे हैं। मूसलाधार बारिश के चलते अचानक खड्ड का जलस्तर बढ़ गया। खतरा बढ़ता देख चालक टिप्पर की छत पर चढ़ गया।