मानसून सत्र : प्रश्नकाल में गूंजा शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना का मसला, सुक्खू ने पूछा सवाल

- शिमला, टीएनआर
हिमाचल विधानसभा के जारी मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान लटकी पड़ी शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना का मसला गूंजा। नादौन से कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री से पूछा कि राजधानी शिमला से कांगड़ा के मटौर तक पूरी सड़क फोरलेन होगी या कुछ जगह पर डबल लेन भी प्रस्तावित है।
6 हिस्सों में बांटी 233 किमी लम्बी सड़क
सुक्खू के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने सदन में बताया कि 233 किलोमीटर दूरी की इस सड़क को 6 पैकेज में बांटा गया है। भंगवार से कांगड़ा तक सड़क का हिस्सा फोरलेन होगा जबकि ज्वालामुखी से भंगवार और हमीरपुर से ज्वालामुखी, भगेड़ से हमीरपुर डबल लेन, शालाघाट से नौणी चौक बिलासपुर और शिमला से शालाघाट के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। इस हिस्से को फोरलेन में विकसित किया जा रहा है।
जहां ट्रैफिक ज्यादा, वहीं फोरलेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने केंद्र सरकार से इस समूची सड़क को फोरलेन करने का मसला जोरदार तरीके से उठाया है, लेकिन फोरलेन के कुछ पैरामीटर होते हैं, जैसे कितना ट्रैफिक फ्लो इस सड़क पर होगा। इसे विशेषज्ञों ने स्टडी कर तय किया है कि जिस भाग में ट्रैफिक ज्यादा है, वहां ही सड़क फोरलेन जबकि कम ट्रैफिक वाली जगह में डबल लेन रखा जाए। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
इस साल नवंबर में शुरू होगा भंगवार-कांगड़ा फोरलेन का निर्माण
मुख्यमंत्री जयराम ने बताया कि शिमला-मटौर नेशनल हाईवे 88 का छह पैकेज निर्माण किया जाएगा। भंगवार-कांगड़ा फोरलेन का नवंबर से निर्माण कार्य शुरू होगा। दो वर्ष में 1323 करोड़ से 18 किलोमीटर लंबा फोरलेन तैयार होगा। प्रश्नकाल के दौरान विधायक सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि इस एनएच का प्रदेश की 70 फीसदी जनता इस्तेमाल कर रही है। 52 विधानसभा क्षेत्रों और 9 जिलों के लोग इस सड़क से जुड़े हैं।