ईसीआई ने कांग्रेस के 20 स्टार प्रचारकों की सूची को दी मंजूरी

शिमला
हिमाचल में उपचुनाव को कांग्रेस के 20 स्टार प्रचारकों की सूची को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मंजूरी दे दी है। कांग्रेस ने हाल में सीपीआई छोड़कर पार्टी में शामिल हुए कन्हैया कुमार और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिंह सिद्धू को स्टार प्रचारक बनाया है।
इसी तरह छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, राज बब्बर, डलहौजी की विधायक एवं वरिष्ठ नेता आशा कुमारी, सोलन के विधायक धनीराम शांडिल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट, हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, सह प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजेंद्र राणा, धर्मवीर सिंह राणा और पहली बार विधायक बने विक्रमादित्य सिंह को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इन 20 स्टार प्रचारकों पर कांग्रेस को जीत दिलाने का जिम्मा होगा।