अब प्रतिभा सिंह की ओर से औपचारिक ऐलान बाकी
वीरभद्र सिंह परिवार से की जाएगी बात: प्रदेशाध्यक्ष

शिमला: हिमाचल कांग्रेस छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह को अर्की विधानसभा या मंडी संसदीय सीट से उपचुनाव में उतारने की तैयारी में है। सूत्रों की मानें तो प्रतिभा सिंह भी चुनाव लड़ने को तैयार हो गई हैं। अब औपचारिक ऐलान बाकी है। वह चुनाव लड़ती है तो इससे कांग्रेस को मनोवैज्ञानिक बढ़त मिलना तय है। अब प्रतिभा सिंह पर निर्भर करेगा कि वह अर्की से चुनाव लड़ती है या मंडी संसदीय क्षेत्र से ताल ठोकती है।
अर्की से कांग्रेस के दूसरे संभावित प्रत्याशी संजय अवस्थी को सशक्त दावेदार माना जा रहा है, जबकि मंडी में कांग्रेस के पास जिताऊ उम्मीदवार नजर नहीं आ रहा।इसलिए कांग्रेस प्रतिभा सिंह को मंडी उपचुनाव में प्रत्याशी बनाना चाह रही है। मंडी से वीरभद्र सिंह और प्रतिभा सिंह भी पहले सांसद रह चुके हैं।
यही वजह है कि प्रतिभा सिंह के मैदान में उतरने से यहां मुकाबला रोचक हो जाएगा। इनके मैदान में उतरने से भाजपा के लिए मंडी की राहें आसान रहने वाली नहीं है। हालांकि इस सीट से पूर्व सांसद स्वर्गीय राम स्वरूप तीन लाख से अधिक मतों से जीते थे और मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला है, लेकिन वीरभद्र सिंह परिवार का जलवा भी किसी से छिपा नहीं है।
वीरभद्र परिवार से करेंगे बात: राठौर
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने वीरवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि अर्की के लोगों की जनभावनाएं जानने के बाद पार्टी ने वीरभद्र सिंह के परिवार को पूछने का निर्णय लिया है।
प्रतिभा सिंह यदि मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ती है तो अर्की से संजय अवस्थी, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर से पूर्व कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के बेटे का कांग्रेस से चुनाव लड़ना लगभग तय है। इनका औपचारिक ऐलान बाकी है।
उपचुनाव से पहले कांग्रेस में पत्र बम
पहले से ही गुटबाजी झेल रही कांग्रेस में पत्र बम के बाद हलचल मच गई है। एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पार्टी आलाकमान को लिखा गए पत्र में कांग्रेस के एक बड़े पदाधिकारी को पद से हटाने की मांग की गई है। यह पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वहीं कांग्रेस के कुछ नेता दो-तीन दिन से संगठन में फेरबदल को लेकर दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।