दो महीने से चुनाव की तैयारियों में जुटे नेताओं को झटा
भूस्खलन की संभावनाओं, कोरोना के बढ़ते मामलों और सेब सीजन को देखते हुए टाले गए चुनाव

शिमला | टी एन आर
सीईसी यानी केंद्रीय चुनाव आयोग ने शनिवार को उपचुनाव स्थगित कर दिए है। अब हिमाचल की मंडी संसदीय सीट और फतेहपुर, अर्की व जुब्बल-कोटखाई में विधानसभा के उपचुनाव त्योहार सीजन के बाद होने की उम्मीद है।
सीईसी ने चुनाव स्थगन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।सीईसी ने इससे पहले एक सितंबर को वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के मुख्य सचिव रामसुभग सिंह से चुनाव को लेकर राज्य की राय मांगी थी।
इसमें उन्होंने कोरोना के बढ़ते मामलों, सेब सीजन जारी होने और बरसात में भूस्खलन की संभावनाओं को हवाला दिया।
इसी आधार पर सीईसी ने चुनाव स्थगित किए है। हिमाचल के साथ देश के 15 अऩ्य राज्यों में भी चुनाव टाले गए है।
देश में 3 लोकसभा और विधानसभा की 32 सीटें खाली है। सीईसी ने पश्चिम बंगाल की दो और उडिसा की एक सीट पर ही चुनाव करवाने की अनुमति दी है। इससे पहले भी सीईसी बीते 5 मई को एक बार उपचुनाव स्थगित कर चुका है।
हिमाचल की यह सीटें खाली
कांगड़ा की फतेहपुर सीट 12 फरवरी से विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद से खाली पड़ी है।
इसी तरह मंडी संसदीय सीट 17 मार्च से पूर्व सांसद राम स्वरूप शर्मा के देहांत, जुब्बल कोटखाई सीट 5 जून से दिवंगत नरेंद्र बरागटा और अर्की सीट 8 जुलाई को वीरभद्र सिंह के निधन के बाद से खाली है।