जनआशीर्वाद यात्रा लाइव : नेताओं की बजाय आम लोगों से घुल-मिल रहा हिमाचल का छोकरा

सौरभ सूद,
घट्टा (कांगड़ा-मंडी सीमा)
मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हिमाचल के ‘छोकरेÓ सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का अंदाज इस बार जुदा है। अनुराग पूरी तरह जनता के बीच घुलमिल रहे हैं। स्वागत के लिए पहुंचे पार्टी नेताओं का अभिवादन जरूर स्वीकार रहे हैं, लेकिन मंत्रियों-विधायकों व अन्य नेताओं की जमात की बजाय लोगों के करीब रहना उन्हें ज्यादा भा रहा है।
अनुराग के इस बदले अंदाज की बानगी शनिवार को मंडी से लेकर धर्मशाला तक खूब दिखी। मंडी में अल सुबह अनुराग भाजपा के 40 साल से कार्यकर्ता दलित वर्ग से संबंधित क्लोडू के घर चाय पीने पहुंच गए। मंडी से कांगड़ा तक जनता ने अनुराग को सिर-आंखों पर बिठाया तो अनुराग ने भी हर जगह, हर मोड़ पब्लिक कनैक्ट का कोई मौका नहीं छोड़ा। आम लोगों, पार्टी वर्करों संग खूब सैल्फी खिंचवाईं, बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
जोगिंद्रनगर व बैजनाथ के बाजारों में तो रोड शो का नजारा बन गया जब आम लोगों ने अनुराग को कंधों पर उठाकर हिमाचल का छोकरा के नारे लगाए।
घट्टा में फीका पड़ गया नेता का शक्ति प्रदर्शन
कांगड़ा-मंडी सीमा पर बैजनाथ के घट्टा में अनुराग के सामने कांगड़ा के एक भाजपा नेता का शक्ति प्रदर्शन फीका पड़ गया। अनुराग को इंप्रैस करने के लिए इन नेताजी ने समर्थकों की फौज उतार दी थी। सैकड़ों किलोमीटर दूर से वर्करों को गाडिय़ों में पहुंचाने में लाखों रुपए खर्चने वाले नेता के समर्थकों ने जोश तो खूब दिखाया, लेकिन अनुराग ने उनके शक्ति प्रदर्शन को तवज्जो न देते हुए आम जनता से खूब गुफ्तगू की। ऐसे में नेताजी के अरमानों पर पानी फिर गया।
जो कभी कन्नी काटते थे, उनमें अंग-संग दिखने की होड़
जनता में यह भी चर्चा रही कि जो भाजपा नेता कुछ समय पहले अनुराग ठाकुर से कन्नी काटते थे, वो भी अब बदली फिजाएं देख अनुराग के अंग-संग दिखने की होड़ में लगे दिखे।

कहीं 2022 की तैयारी तो नहीं
अनुराग अपनी जनआशीर्वाद यात्रा में जिस तरह जनता से दुलार दिखा रहे हैं, खूब बतिया रहे हैं। इसे कहीं न कहीं 2022 के प्रदेश विधानसभा चुनावों से भी जोड़ा जा रहा है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी कैबिनेट मंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा के जरिए जनता का मूड भांप रहा है।