एक बैंक की शाखा में दबिश देकर जुटाई छात्रों के बैंक खाते से जुड़ी जानकारी

शिमला | टीएनआर
हिमाचल प्रदेश में बहुचर्चित 250 करोड़ रुपए के छात्रवृत्ति घोटाले में सीबीआई ने ऊना के टाहलीवाल में बैंक की एक शाखा में दबिश दी है। यहां से सीबीआई ने कुछ छात्रों के बैंक खातों की डिटेल जुटाई है। ऊना के एक निजी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति घोटाले के तार जुड़ रहे हैं। राज्य में इस घोटाले को शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से अंजाम दिया गया है। 2012-13 से 2017 के बीच में छात्रवृत्ति की 80 प्रतिशत रकम करीब 250 निजी शिक्षण संस्थानों को जारी की गई है और मात्र 20 प्रतिशत छात्रवृत्ति अढ़ाई हजार से भी अधिक संस्थानों को दिया गया। छात्रवृत्ति का अधिकतर पैसा फर्जी बैंक खाते खोलकर निजी शिक्षण संस्थानों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा हड़पा गया है।
कई संस्थान ऐसे भी हैं जिन्होंने अकेले 38 करोड़ से अधिक की राशि छात्रवृत्ति के नाम पर गबन की है। इस मामले में कई अधिकारियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। अब सीबीआई मामले की जांच कर इसमें संलिप्त संस्थानों और अधिकारियों को बेनकाब करने में जुटी हुई है। इस घोटाले के कारण हिमाचल की राष्ट्रीय स्तर पर बदनामी हुई है।