भाजपा व कांग्रेस में टिकट के कई तलबगार बिगाड़ सकते हैं खेल

सौरभ सूद धर्मशाला । टीएनआर
जिला कांगड़ा की राजपूत बहुल फतेहपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में सतारूढ़ भाजपा व विपक्षी कांग्रेस पार्टी के लिए गुटबाजी पर लगाम कसना सबसे बड़े चुनौती है। फतेहपुर में दोनों दलों में टिकट के ढेरों तलबगार हैं। ऐसे में उम्मीदवार का चयन टेढ़ी खीर साबित होने वाला है।
कांग्रेस में दिवंगत विधायक सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी पठानिया आलाकमान की पहली पसंद हैं, जिन्हें चुनावी अखाड़े में उतार कर पार्टी सहानुभूति फैक्टर के जरिये फतेहपुर सीट पर कब्जा बरकरार रखना चाहती है, लेकिन पार्टी के भीतर एक गुट परिवारवाद का विरोध कर आम कार्यकर्ता को टिकट की पैरवी कर रहा है।
यह गुट कुछ समय पहले धर्मशाला में पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला के सामने शक्ति प्रदर्शन भी कर चुका है। कांग्रेस में चेतन चंबियाल, निश्वार सिंह व राघव पठानिया आदि नेता टिकट के तलबगार हैं।
भाजपा की स्थिति विकट, पिछले 3 चुनाव से बदल रही उम्मीदवार
फतेहपुर में भाजपा 2007 के बाद से जीत को तरस रही है। 2007 में डॉ राजन सुशांत भाजपा टिकट पर चुनाव जीते थे, लेकिन उनके पार्टी छोड़ने के बाद से पिछले 2 चुनावों व एक उपचुनाव में पार्टी हर बार उम्मीदवार बदलने पर मजबूर हुई। 2017 के चुनाव में पार्टी ने कृपाल परमार पर दांव लगाया, लेकिन गुटबाजी के चलते परमार मात्र 1284 मतों से चुनाव हार गए।
बागी उम्मीदवार बलदेव ठाकुर ने 13090 वोट लेकर भाजपा का गणित बिगाड़ दिया। उपचुनाव में कृपाल परमार टिकट की रेस में सबसे आगे लग रहे हैं, लेकिन टिकट के दूसरे तलबगार चक्की पार यानी कृपाल परमार के बाहरी होने का मुद्दा उठाकर बगावत के मूड में हैं। भाजपा में परमार के अलावा बलदेव ठाकुर, रीता ठाकुर व सुमन देवी जैसे नाम टिकट की दौड़ में हैं।
राजपूत समुदाय का वर्चस्व
फतेहपुर सीट पर हमेशा राजपूत समुदाय का वर्चस्व रहा है। 1977 से 2017 तक राजपूत समुदाय के प्रत्याशी सात बार जबकि ब्राह्मण समुदाय के प्रत्याशी 4 बार जीते हैं। राजपूत समुदाय से दिवंगत मंत्री सुजान सिंह पठानिया सात बार इस सीट से चुनाव जीते। राजन सुशांत ने 2 बार इस सीट से चुनाव जीता।
2017 में यह रहा था परिणाम
2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुजान सिंह पठानिया ने 18962 वोट लेकर करीबी अंतर से जीत दर्ज की थी। दूसरे स्थान पर रहे भाजपा उम्मीदवार कृपाल परमार को 17678 वोट मिले थे। भाजपा के बागी बलदेव ठाकुर ने 13090 और राजन सुशांत ने 6205 वोट प्राप्त किये थे।
85685 वोटर चुनेंगे नया विधायक
दिवंगत विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन के चलते खाली हुई फतेहपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में लगभग 85685 वोटर नया विधायक चुनेंगे। इनमें 43158 पुरुष वोटर व 42527 महिला वोटर हैं।