फतेहपुर से जगदेव ठाकुर, जुब्बल कोटखाई से नीलम सरैइक, अर्की से रत्नपाल सिंह और मंडी संसदीय क्षेत्र से ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह के नाम पर मुहर

शिमला। टीएनआर
कांग्रेस की ओर से मंडी, अर्की, जुब्बल कोटखाई और फतेहपुर चारों सीटों पर प्रत्याशी घोषित करने के बाद भाजपा भी थोड़ी देर में अपने चारों उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार हाईकमान ने फतेहपुर, जुब्बल कोटखाई, अर्की और मंडी सीटों से चारों प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी है। देर रात तक चारों प्रत्याशियों के नाम घोषित हो सकते हैं।
पुख्ता सूत्रों की मानें तो हाईकमान ने चारों सीटों से टिकट की दौड़ में सबसे ऊपर चल रहे संभावित नाम काटकर नए चेहरों पर दांव लगाया है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस को काउंटर करने के लिए भाजपा ने टिकट आवंटन में परिवारवाद को नकार दिया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से जगदेव ठाकुर, जुब्बल कोटखाई से नीलम सरैइक, अर्की से रत्नपाल सिंह और मंडी संसदीय क्षेत्र से ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह के नाम पर मुहर लगा दी है।
टीएनआर के सूत्रों के अनुसार अभी तक इन चार नामों पर मुहर लग चुकी है। हालांकि, भितरघात के डर से देर रात टिकट देने में कोई फेरबदल नहीं हुआ तो यही नाम टिकट के लिए घोषित किए जाएंगे। दरअसल, कांग्रेस ने फतेहपुर, मंडी में परिवारवाद को जगह दी है। माना जा रहा कि कांग्रेस में मंडी और फतेहपुर में परिवारवाद को जगह मिलने के बाद भाजपा इसी मुद्दे पर कांग्रेस को घेरना चाह रही है। इसलिए, सभी जगह नए चेहरे उतारने की तैयारी कर ली गई है।
टिकटों की घोषणा से पहले हाईकमान ने अपने नेताओं को बगावत करने वालों को मनाने का जिम्मा दे दिया है। ताकि, कोई भी बागी बगावती तेवर दिखाकर निर्दलीय चुनाव न लड़े। हालांकि, सारी पुख्ता स्थिति देर रात तक साफ हो सकती है।