जयराम बोले: प्रदेश सरकार केंद्रीय विदेश मंत्रालय के संपर्क में, दोनों युवकों के परिजनों से की बात

गगल (धर्मशाला)
अफगानिस्तान में तालिबान राज़ के बाद मची अफरातफरी में फंसे हिमाचल के 2 युवक जल्द ही वतन वापस लौटेंगे। यह बात कांगड़ा के एकदिवसीय दौरे पर गग्गल एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कही। जयराम बोले- अफगानिस्तान में हिमाचल के 2 लोग फंसे होने की सूचना है।
एक युवक की वापसी को लेकर किए गए प्रयासों के बाद वह एयरपोर्ट पर पंहुच गया है, जबकि दूसरे व्यक्ति के बारे में भी पता किया जा रहा है। दोनों युवकों के परिजनों ने उनसे संपर्क कर दोनों की वापसी का आग्रह किया था। प्रदेश सरकार ने केंद्रीय विदेश मंत्रालय को उनके बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई है।
गगल एयरपोर्ट के विस्तार व मंडी एयरपोर्ट को 1400 करोड़ का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश सरकार ने गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के मुद्दे को केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के समक्ष उठाया है।
वित्त मंत्रालय ने इसके विस्तार को लेकर 400 करोड़ रुपए देने की सिफारिश की है। मंडी एयरपोर्ट का मामला भी केंद्र के समक्ष उठाया गया जिसके लिए वित्त मंत्रालय ने एक हजार करोड़ रुपए देने की सिफारिश की है।
विधायक अरुण कुमार की माता के निधन पर संवेदना जताई
मुख्यमंत्री नगरोटा बगवां के भाजपा विधायक अरुण कुमार के घर गए, जहां उन्होंने विधायक की माता के हाल ही में हुए देहांत पर परिजनों से अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।