प्रदेश की भोली-भाली जनता को अपना शिकार बना रहे साइबर ठग
243 में से 93 शातिरों को पकड़ने में कामयाब रही पुलिस

शिमला
हिमाचल की भोली-भाली जनता भी ऑनलाईन ठगी का शिकार हो रही है। ऑनलाइन माध्यम से साइबर लुटेरे अलग-अलग शहरों में बैठकर प्रदेश के लोगों के बैंक खातों से पैसा गायब कर दे रहे है।
प्रदेश में बीते तीन सालों में 243 लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए है। शातिरों ने इनसे 2,43,11,666 की धनराशि लूटी है। सिरमौर जिला के लोग ऑनलाइन ठगी का सबसे ज्यादा शिकार हो रहे है।
सिरमौर जिला में सबसे ज्यादा लोगों से ऑनलाइन ठगी
1 जुलाई 2018 से 30 जून 2021 तक सिरमौर के 38 लोगों से ऑनलाइन ठगी हुई है। प्रदेश में ऑनलाइन ठगी की 243 वारदातों में से 93 शातिरों को पुलिस पकड़ने में कामयाबी हाथ लगी है।
इनमें से 79 मामलों में पुलिस ने न्यायालय में चालान पेश कर दिए गए है। साइबर ठगों को पकडऩे में पुलिस को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसलिए साइबर पुलिस बार-बार प्रदेशवासियों से ऑनलाइन ठगों के झांसे में न आने की अपील करती रही है।
इस तरह लोगों को अपना शिकार बना रहे साइबर ठग
साइबर ठप देश के अलग-अलग शहरों में बैठकर प्रदेश के लोगों को अपना शिकार बना रहे है। कभी अपने आपको को बैंक अधिकारी बनकर लोगों से पिन नंबर पूछते है।
कभी मैसेज भेजकर साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करके जानकारी देने को कहते है।
जिलेवार साइबर क्राइम के दर्ज मामले
पुलिस जिला बद्दी में साइबर क्राइम के 15 मामले, बिलासपुर में 8, चंबा 6, हमीरपुर 14, कांगड़ा 22, किन्नौर 2, कुल्लू 28, लाहौल स्पीति 0, मंडी 27, शिमला 31, सिरमौर 38, सोलन 18, ऊना 14, गुप्तचर पुलिस थाना 1 तथा पुलिस थाना साइबर में कुल 19 मामले दर्ज है।