आईटीबीपी, सेना और पुलिस रेस्क्यू में लगातार जुटे


भावनगर। किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-5 पर निगुलसेरी के समीप हुए भूस्खलन के बाद एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, पुलिस और स्थानीय लोग लगातार राहत व बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। देर शाम मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक मलबे में से 10 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 13 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। हादसे में मौत का शिकार हुए लोगों में 5 महिलाएं, एक बच्चा व 4 पुरुष शामिल हैं। मलबे से निकले शवों की शिनाख्त हो गई है। बचाव कार्य में जुटे जवानों ने मलबे में दबे एक शख्स को कड़ी मशक्कत से बचाया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक पांडे ने बताया कि निगुलसेरी में नेशनल हाईवे-5 पर भूस्खलन घटनास्थल पर आईटीबीपी की तीन बटालियन के करीब 200 जवान हैं। रेस्क्यू टीम ने भूस्खलन रुकने के बाद लगातार बचाव व राहत अभियान चलाया हुआ है। मलबे में करीब 40 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है।