3 विधानसभा व एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव तय करेंगे 2022 की दशा दिशा

सौरभ सूद, टीएनएन, धर्मशाला
साल 2022 में होने वाले हिमाचल विधानसभा चुनावों से पहले सूबे की सियासत में सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे 3 विधानसभा सीटों जिला कांगड़ा कीफतेहपुर, जिला शिमला की जुब्बल कोटखाई, जिला सोलन की अर्की और एक लोकसभा सीट मंडी के उपचुनावों की तारीख तय होने में बेशक कुछ समय शेष है, लेकिन सतारूढ़ भाजपा व विपक्षी दल कांग्रेस पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुके हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जुब्बल कोटखाई व मंडी के लगातार दौरे कर थोक में जन योजनाओं के लोकार्पण- शिलान्यास कर भाजपा के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रहे हैं।
सन्गठन की ओर से प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना व सह प्रभारी संजय टण्डन लगातार दौरे कर फीडबैक ले रहे हैं।
चुनावी दौरे शुरू, करोड़ों के ऐलान
बीते हफ्ते जुब्बल-कोटखाई को अलग-अलग एसडीएम कार्यालय की सौगात, फलों का समर्थन मूल्य बढ़ाना, मंडी के सिराज व द्रंग, कुल्लू के निरमंड व आनी में 400 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं के एलान से जनता का दिल जीतने की कोशिश सरकार ने की है।
हाइकमान का इशारा मिलते ही दिवंगत पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा हर रोज़ जनता के बीच जा रहे हैं।
अर्की में टिकट के लिए अभी से तीखी जंग
उधर, अर्की में भाजपा के पूर्व विधायक गोविंद राम और पिछली बार शिकस्त खा चुके नगीन चन्द्र पाल के बीच इस बार टिकट के लिए आर पार की जंग शुरू हो चुकी है।
दोनों नेता अपने समर्थकों संग शक्ति प्रदर्शन में जुटे हैं। बढ़ते संग्राम को थामने में आलाकमान भी अभी नाकाम रही है।
फतेहपुर में जमीनी माहौल की परख
फतेहपुर में प्रभारी मंत्री विक्रम ठाकुर व सह प्रभारी राकेश पठानिया के अलावा प्रभारी अविनाश राय खन्ना कार्यकर्ताओं के मन की थाह लेने में जुटे हैं।
यहां कृपाल परमार, बलदेव ठाकुर व अनिता गुलेरिया टिकट की रेस में हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार यहां जमीनी माहौल परखने के बाद ही उम्मीदवार का फैसला होगा, चूंकि 2017 में पार्टी को हार झेलनी पड़ी थी।
वीरभद्र के नाम के सहारे कांग्रेस
कांग्रेस अपने दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह के नाम के सहारे सूबे में अपने हक में सियासी माहौल तैयार कर उपचुनावों में भाजपा को पटखनी देने की रणनीति बनाने में जुटी है। प्रदेश के कोने कोने में स्व वीरभद्र के अस्थि कलश यात्रा के बाद पौधरोपण अभियान के जरिये पार्टी नेतृत्व सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में पिरोने में जुटा है।
सर्वमान्य नेता बनने की होड़
वीरभद्र के बाद पार्टी का सर्वमान्य नेता बनने की होड़ अभी से शुरू हो गयी है। बाली, सुक्खू व रामलाल ठाकुर आदि नेता दिल्ली में तार भिड़ा रहे हैं।
जुब्बल कोटखाई में रोहित ठाकुर ही उम्मीदवार होंगे, यह लगभग तय है। मंडी लोकसभा उपचुनाव में 2 बार सांसद रह चुकीं दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को उतार सहानुभूति कार्ड खेला जा सकता है।
प्रतिभा सिंह व उनके विधायक पुत्र विक्रमादित्य सोशल मीडिया पर लगातार संकेत दे रहे हैं। मंडी में पार्टी पर्यवेक्षक मुकेश अग्निहोत्री व आशा कुमारी और फतेहपुर में राजेंद्र राणा कार्यकर्ताओं की राय जान रहे हैं।
कांग्रेस चारों उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। जिताऊ उम्मीदवार उतारकर सत्ता के इन सेमीफाइनल में भाजपा को पटखनी दी जाएगी।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम पार्टी संग हमेशा जुड़ा रहेगा। पार्टी नेता एकजुट होकर 2022 की चुनावी जंग में उतरेंगे।
कुलदीप राठौर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्
भाजपा संगठन व सरकार दोनों स्तर पर उपचुनावों के लिए तैयार है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को एक्टिव किया गया है।
भाजपा एक अनुशासित दल है। जो भी उम्मीदवार तय होंगे, सभी नेता व कार्यकर्ता उसकी जीत के लिए दिन रात काम करेंगे। – सुरेश कश्यप, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष